गल्ला न देने समेत कई आरोप, कार्रवाई की मांग
मोहल्ला इंद्रानगर की तमाम महिलाओं ने तहसील में कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पिछले महीने का गल्ला देने के बाद अब कोटेदार इस महीने का गल्ला नहीं दे रहा है। महिलाओं ने एसडीएम से मिलकर समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है।
मोहल्ला इन्द्रानगर निवासी शमीम बानो, नरगिस, शमा परवीन, नसरीन बानो, साबिरा बानो, सायरा, शकीला, तरन्नुम, शहाना बेगम, नगमा आदि तमाम मुस्लिम महिलाओं ने तहसील में कोटेदार राकेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कोटेदार पर आरोप लगाया है कि सभी का नाम लिस्ट में होने के कारण कोटेदार ने पिछले महीने उनको राशन दे दिया था लेकिन इस महीने में लिस्ट में नाम न होने की बात कह रहा है। आरोप है कि जब राशन देने से मना किया गया तो इसकी शिकायत करने की बात कही। इस पर कोटेदार ने उनसे अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया। महिलाओं ने एसडीएम से शिकायत कर राशन दिलाए जाने की मांग की है। जिसपर एसडीएम शादाब असलम ने शीघ्र ही समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया है।