खेल मैदान में जोर आजमाइश करतीं महिला खिलाड़ी। संवाद
निघासन। सिंगाही कस्बे के गुड़ मंडी मैदान में वामन द्वादशी महोत्सव के तहत चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के तीसरे दिन सोमवार को पांच मुकाबले हुए। इनमें महिला वर्ग का मुकाबला खासा रोमांचक रहा। यूथ निघासन ने एमकेएम पब्लिक स्कूल सिंगाही को 35-33 से हराया। महिला खिलाड़ियों के शानदार दांव-पेच और दमदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
पहले मुकाबले में तंबौर की टीम ने निघासन को 34-27 से हराया। तीसरे मुकाबले में बालपुर उत्तराखंड की टीम ने एमकेएम पब्लिक स्कूल सिंगाही को 40-9 के बड़े अंतर से पराजित किया।
चौथे मुकाबले में परगना क्लब खैरीगढ़ बी ने संपूर्णानगर की टीम को 10 अंकों से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। पांचवें मुकाबले में रमपुरवा बहराइच और बालाजी नौरंगाबाद की टीमें निर्धारित समय तक बराबरी पर रहीं। इसके बाद दोनों टीमों को पांच-पांच रेड का मौका दिया गया। इसमें रमपुरवा बहराइच ने दो अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मुख्य अतिथि भाजपा नेता अंशुल दीक्षित, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता बालकुमार वर्मा और पूर्व सभासद जोगिंदर शाक्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया।
इस दौरान सुशील कटियार, पैकरमा गुप्ता, टूर्नामेंट अध्यक्ष अमन साहनी, महामंत्री महेश कश्यप, कोषाध्यक्ष प्रमोद दिवाकर मौजूद रहे।