बरवर (लखीमपुर खीरी)। जहानीखेड़ा मार्ग पर गदनापुर मोड़ पर ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक से उछलकर सड़क पर गिरी महिला ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। गनीमत रही कि बाइक चला रहा पुत्र हेलमेट पहने था, जिससे वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
हादसा सोमवार की सुबह साढ़े नौ बजे हुआ। पसगवां कोतवाली के गांव जमुका निवासी रामभरोसे की पत्नी नंदरानी (45) बेटे रामबहादुर के साथ टेढ़ेनाथ मंदिर शिव दर्शन और प्रसाद चढ़ाने जा रहीं थीं। पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गदनापुर मोड़ के निकट बरवर की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर बैठी नंदरानी ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गई और उनकी कुचलकर मौत हो गई। पुत्र रामबहादुर बाइक से उछलकर दूर जा गिरा पर हेलमेट लगा होने से बाल बाल बच गया। सूचना पर बरवर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक सहीम निवासी सेरवा कोतवाली फूलबेहड़ को हिरासत में ले लिया है। उधर सूचना पर रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
----------
बाइक से गिरकर महिला की मौत
गोला गोकर्णनाथ। खुटार रोड पर सड़क के गड्ढे जानलेवा बनते जा रहे हैं। सोमवार की दोपहर इन गड्ढों की वजह से बाइक से जा रही एक महिला की गिरकर मौत हो गई। मृतक का पुत्र पोस्टमार्टम से इंकार कर अपनी मां का शव घर ले गया।
मैलानी थाना क्षेत्र के गांव छत्तीपुर निवासी अखिलेश वर्मा अपनी 46 वर्षीय मां जुगंता देवी को बाइक पर बिठा कर किसी काम से गोला आ रहा था। खुटार रोड पर बड़ी नहर के पास गड्ढों की वजह से बाइक पर पीछे बैठी मां उछलकर सड़क पर गिर गई और गंभीर घायल हो गई। अखिलेश घायलावस्था में उसे लेकर सीएचसी आया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संवाद
----------
डंपर की टक्कर से बाइक चालक की मौत
महेवागंज। गांव सिकटिहा के निकट रविवार की देर शाम डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव जमुनियां निवासी गुलशन कुमार (22) की सुंदरवल में रिश्तेदारी है। रविवार को वह एक समारोह में शामिल होने सुंदरवल गया था। लौटते समय रात नौ बजे सिकटिहा के पास डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई।। हादसे की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। वह हेलमेट लगाए हुए था। सदर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक गुलशन अविवाहित था। संवाद
----
ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर मासूम की जान गई
भीखमपुर। ग्राम पंचायत ग्रंट इनायत चीफ के मजरा हैदरनगर में ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट से आकर डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मौके पर पहुंची मितौली पुलिस ने परिजन की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
ब्लॉक मितौली के ग्राम हैदरनगर निवासी राहुल का डेढ़ वर्षीय पुत्र अपने घर के सामने दोपहर रास्ते के किनारे खेल रहा था। अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर निकले ग्राम बासताली निवासी देवकीनंदन की ट्रॉली की चपेट में बच्चा आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मितौली पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
एसओ मितौली अनिल कुमार सैनी का कहना है कि डेढ़ वर्षीय बच्चे की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर मौत हुई है। चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है। संवाद