सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में पीड़ित परिजन। स्रोत : वीडियो ग्रैब।
लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद आशा कार्यकर्ता पर रुपये लेने का आरोप लगा है। हरगांव क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी गुफरान ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया कि पत्नी के प्रसव के बाद उन्होंने आशा कार्यकर्ता को 4,700 रुपये दिए थे। मामले में सीएमएस डॉ. सुषमा सिंह ने जांच कराकर दोषी मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
गुफरान ने बताया कि वह शुक्रवार को अपनी पत्नी सबीना (30) को जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उसी दिन शाम करीब चार बजे ऑपरेशन से सबीना ने बेटी को जन्म दिया। उनके मुताबिक, प्रसव के बाद उनसे पांच हजार रुपये मांगे गए। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में मौजूद एक आशा कार्यकर्ता को 4,700 रुपये दे दिए।
आरोप है कि रविवार को आशा कार्यकर्ता ने तीन सौ रुपये अपनी जेब से खर्च करने की बात कहते हुए संबंधित रकम मांगी।
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुषमा सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।