मां अपने बच्चे के लिए किसी से भी लड़ सकती है और किसी भी मुसीबत का सामना कर सकती है। लखीमपुर खीरी से ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक मां अपने बच्चे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। घटना शारदा नगर के जंगल नंबर 10 के मजरा चिखुरीपुरवा गांव की है। मंगलवार शाम तेंदुए ने आठ वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। यह देख बालक की मां शेरनी की तरह तेंदुए पर टूट पड़ी। करीब दो मिनट तक संघर्ष करती रही और अपने बच्चे को तेंदुए से छुड़ा लिया। हमले में बच्चा घायल हो गया।
मजरा चिखुरीपुरवा निवासी अशोक की पत्नी ऊषा देवी अपने आठ वर्षीय पुत्र अमन के साथ गांव किनारे खेत गई थी। मवेशियों के लिए अगौला (गन्ने की पत्ती) लेकर दोनों घर आ रहे थे। गांव से चंद मीटर दूर अचानक खेत से निकले तेंदुए ने बालक को दबोच लिया। यह देख मां ने शोर मचाया और बच्चे की जान बचाने के लिए वह तेंदुए से भिड़ गई। इसके बाद तेंदुआ बच्चे को छोड़कर खेत में छिप गया। तेंदुए के हमले में बच्चा घायल हो गया। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।