पति, सास, ससुर, नंद और ननदोई पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
संपूर्णानगर। कस्बा के सिंगाही खुर्द वार्ड में बीती रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, नंद व ननदोई पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिंगाही खुर्द निवासी हिफाजत की पत्नी जास्मीन (26) की संदिग्ध अवस्था में बीती रात मौत हो गई। मृतका के भाई वाजिद ने बताया कि वह करीब दो माह से अपनी बहन का ख्याल रखने के लिए उसके साथ ही रुकता था। बीती रात वह 11 बजे के बाद घर पहुंचा तो उसकी बहन की मौत हो चुकी थी।
मृतका के पति हिफाजत ने पहली शादी मेरी बहन से की थी, जबकि दो साल पहले दूसरी शादी एक मूक महिला से की है। आरोप है कि तब से हिफाजत उसकी बहन से मारपीट करता रहता था। मृतका के नंद व ननदोई भी आए थे।
आरोप है कि उनके साथ मिलकर परिजन ने बहन की हत्या की है, जिसकी सूचना भीरा स्थित अपने पैतृक घर दे दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता मासूम की तहरीर पर पति हिफाजत अली, ससुर रसीद, सास सेरून निशा, नंद तैमून व ननदोई जाफर के खिलाफ दहेज अधिनियम के संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, मृतका के पति हिफाजत ने बताया कि बीती रात वह काम करके घर आया और सो गया। पहली पत्नी जास्मीन व दूसरी पत्नी रूबीना के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद जास्मीन ने दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दोनों बेटियां मां की मौत से हैं अंजान
मृतका जास्मीन के दो पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी आलिया करीब पांच वर्ष की है, जबकि दूसरी बेटी आफिया दो वर्ष की है, जो पैर से विकलांग है। दोनों बच्चे अपनी मां की मौत से अंजान है। मासूम बच्चों को देखकर आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो जाती हैं। उनकी परवरिश कैसे होगी, इसके बारे में भी चर्चा है। दूसरी मां रूबीना न तो बोल सकती है और न ही सुन सकती है।