डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, परिजन ने काटा हंगामा, कार्रवाई की मांग
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली की रामापुर चौकी क्षेत्र में संचालित एक प्राइवेट अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने के बाद एक महिला की हालत बिगड़ने से मौत हो गई, जिससे परिजन भड़क गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान डॉक्टर भी अस्पताल में ताला बंदकर भाग निकले। मृतका के पति ने अस्पताल के डॉक्टर समेत स्टाफ पर लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है, जिसके लिए प्रार्थना पत्र डीएम को दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव दाउदापुर निवासी सरोज कुमार कश्यप ने बताया कि उसकी मां राजकुमारी को पथरी के ऑपरेशन के लिए रविवार को गांव की आशा मनोज कुमारी ने रामापुर के हरिओम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। मंगलवार को डॉ. योगेश वर्मा ने आपरेशन किया और दो दिन तक मरीज को भर्ती रखा। इस दौरान तबीयत खराब होने पर हास्पिटल के प्रबंधक ने अपनी एंबुलेंस से लखनऊ के न्यू सिटी हास्पिटल भेज दिया। लखनऊ में डॉक्टरों द्वारा बताया गया कि उसकी मां का ऑपरेशन सही तरीके से नहीं हुआ है और डॉक्टर ने 30 हजार रुपये जमा करने के लिए कहा, जबकि हरिओम हॉस्पिटल रामापुर ने 50 हजार रुपये जमा कराए थे और कहा कि लखनऊ में कोई पैसा नहीं पड़ेगा। लखनऊ के डॉक्टर ने बताया कि उसकी मां के शरीर से कोई अंग निकाल लिया गया है। इसके थोड़ी देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर रामापुर स्थित हास्पिटल पहुंचे और अपनी मां के ऑपरेशन के कागजात व रिपोर्ट मांगी तो डॉक्टरों ने कोई रिपोर्ट नहीं दी और हास्पिटल के सारे मरीजों को पीछे के रास्ते से निकाल दिया। इसके बाद हॉस्पिटल में ताला बंद करके भाग गए। इस मामले की सूचना पर रामापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर, डीएम ने प्राइवेट हास्पिटल की जांच कराने के संबंध में सीएमओ को निर्देश दिए हैं।