फरधान। गांव जगदीशपुर में एक महिला को मिट्टी ले जा रहे ट्रैक्टर ट्राॅली ने कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया।
सैदापुर भाऊ में लगे ईंट भट्ठे के लिए एक ट्रैक्टर ट्राॅली गांव जगदीशपुर से होकर मिट्टी ढुलाई कर रही थी। मंगलवार की दोपहर गांव जगदीशपुर निवासी 52 वर्षीय माया देवी सड़क पार करने लगीं, उसी समय मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर कुचल गईं। दुर्घटना में माया देवी की मौके पर मौत हो गई।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन भीड़ के चलते मौका पाकर चालक भाग गया। एसएचओ दिलीप चौबे ने परिजनों को समझाया, उसके बाद मामला शांत हुआ। सीओ सिटी विवेक तिवारी ने बताया दुर्घटना में महिला की मौत हो गई है। शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है।