चीनी मिल खंभारखेड़ा में एसडीआई ने की बैैठक
गन्ना सर्वेक्षण 2016-17 की रणनीति बनाने के लिए एसडीआई अमित कुमार पांडेय ने सर्वे में लगे कर्मचारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने शुद्धता और पारदर्शिता के साथ गन्ने का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। किसानों से अनिवार्य तौर पर घोषणा पत्र भरवाने और किसानों की जमीन का सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही गलत तरीके से सर्वेक्षण करने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।
खंभारखेड़ा चीनी मिल के सभागार में शनिवार की शाम को सर्वे कर्मचारियों की बैठक हुई, जिसमें ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक (एसडीआई) अमित कुमार पांडेय ने सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की। बैठक में तय किया गया कि आयुक्त के निर्देशानुसार गन्ना सर्वेक्षण को यादगार बनाने में कोई कोताही नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने बताया कि राजस्व खतौनी की प्रमाणित प्रति गन्ना समितियों में जमा कराने के लिए किसानों को नोटिस भेजी जा रही है। एसडीआई ने कहा कि सर्वेक्षण कार्य पूरा हो जाने के बाद सर्वेक्षण छूटने एवं संशोधन संबंधी शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में उप महाप्रबंधक गन्ना सुबोध गुप्ता, गन्ना प्रबंधक वीके ढाका, गन्ना समिति लखीमपुर के सचिव मुनेंद्र यादव, अरनीखाना के सचिव रामसिंह, राजेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेश कुमार मौजूद रहे।