दुधवा में वन्य प्राणी सप्ताह के पहले दिन साइकिल रेस में भाग लेते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां-बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सप्ताह का गुरुवार को सामाजिक दूरी का पालन कर मास्क लगाकर शुभारंभ किया गया। पहले दिन कर्मचारियों की जन जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ डीडी ने झंडी दिखाकर किया। साइकिल रैली में दैनिक श्रमिक मनोज कुमार प्रथम और बाबू द्वितीय स्थान पर रहे। साइकिल रैली के बाद जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें वन्यजीव सप्ताह के उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस मौके पर डीडी मनोज कुमार सोनकर ने कहा कि वन्य प्राणी सप्ताह बनाने का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में वन्यजीवों एवं पेड़ पौधों के प्रति लगाव एवं संरक्षण की भावना को जागृत करना है। कहा कि वृक्षों में प्रदूषण सोखने की अद्भुत शक्ति है इसीलिए वनों की सुरक्षा ईमानदारी से की जाए। दुधवा के वनों के बारे में भी विस्तार से डीडी ने जानकारी दी। साथ ही सभी वनकर्मियों को पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान बेलरायां वार्डन सीपी सिंह, हरेंद्र सिंह, चंद्रभाल, सोबरन लाल, लल्लन स्वरूप दीक्षित समेत वन अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद