वनाधिकारियों ने किया मौका मुआयना, जल्द मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा
पलिया (मझगईं)। दुधवा नेशनल पार्क के जंगल किनारे लगे तार की बाड़ को तोड़ते हुए इलाके के चौखड़ा फार्म में छह हाथियों ने घुसकर 13 बीघा गन्ने की फसल रौंद डाली। वन अधिकारियों ने मौका मुआयना कर जल्द ही मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है।
इलाके के चौखड़ा फार्म में शुक्रवार रात करीब दो बजे हाथियों ने जंगल किनारे लगाई गई तार की बाड़ को तोड़कर किसानों के खेतों की ओर रुख किया। यहां किसान सेवकराम, मोतीलाल, रामचंद्र, सियाराम आदि के गन्ने के खेतों में जमकर उत्पात मचाया। करीब तीन घंटे तक हाथी फसल को रौंदते रहे, जिससे किसानों की 13 बीघा फसल नष्ट हो गई। इसके बाद हाथी दोबारा जंगल में चले गए।
सुबह जब किसान खेतों की ओरगए तो उनको नुकसान का पता चल सका। उन्होंने इसकी सूचना पार्क के अधिकारियों को दी। इसके बाद डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहायक परियोजना अधिकारी राधेश्याम भार्गव मौके पहुंचे और मौका मुआयना कर जल्द मुआवजा दिलाने की बात कही।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि किसानों के खेत पार्क के जंगल से सटे हुए हैं। इसके कारण जंगली हाथी आए दिन खेतों में आ जाते हैं। बताया कि हाथियों ने तार की बाड़ तोड़ने के साथ ही चार पिलर भी तोड़ डाले हैं। जल्द पिलरों को ठीक करा तार की बाड़ लगाकर हाथियों को जंगल से बाहर आने से रोका जाएगा।