धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल के प्रमुख चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में शुक्रवार को गैंडा शिशु और हाथी के शिशु का शव मिला। जानकारी पर पार्क प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
नेपाल के चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में छह माह से संकट के बादल छाए हुए हैं। आए दिन गैंडों की मौत ने पार्क प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। पार्क के सूचना अधिकारी लोकेंद्र अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पार्क के मध्यवर्तीय सामुदायिक वन के पास करीब चार माह के एक गैंडा शिशु का अधखाया शव मिला है, जिसे बाघ ने हमला कर अपना निवाला बनाया। उधर, पार्क क्षेत्र के तालीम व प्रजनन केंद्र खोरसौर में करीब बीस दिन पहले जन्मे हाथी शिशु की मौत हो गई। सूचना अधिकारी के मुताबिक उसकी मौत किसी अज्ञात बीमारी के चलते हुई है। अगस्त माह से अब तक 19 गैंडों की मौत हो चुकी है, जिसमें 15 गैंडों की प्राकृतिक व चार गैंडों की शिकारियों के हमले में मौत हुई है। जांच के लिए गठित संसदीय समिति के भी अभी कुछ हाथ नहीं लगा है। संवाद