बस से उतरते वक्त चालक की लापरवाही से एक महिला बस के पहियों के नीचे आकर घायल हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने घायल महिला को सरकारी जीप से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला की हालत गंभीर बताई गई है, बाद में उसकी मौत गई। बस पलिया से लखीमपुर की ओर आ रही थी।
फरधान थाना क्षेत्र के कोरारा गांव निवासी रामचरन के पुत्र राजेंदर का भीरा रोड स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक में इलाज चल रहा था। बुधवार शाम रामचरन की 40 वर्षीय पत्नी ऊषा बेटे का हालचाल लेने बस से आ रही थी। बताते हैं कि महिला ठीक से बस से उतर पाती, इससे पहले जल्दी के चक्कर मे चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इससे महिला ठोकर खाकर उसी बस के पिछले पहियों के नीचे आ गई। आसपास के ठेले खोमचे वालों ने जब शोर मचाया तो चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। इधर भीड़ देख समीप ही अस्पताल में बेटे की तीमारदारी मे लगे रामचरन और उसका बड़ा बेटा उत्तम मौके पर पहुंच गया। सूचना पर चौकी प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होने आनन फानन में सरकारी जीप से महिला को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने बताया कि महिला को भर्ती करा दिया गया है। बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है।