मोहल्ले के लोगों ने चंदा कर बनाई सीसी सड़क। संवाद
निघासन। नगर पंचायत की अनदेखी से तंग नानकनगर वार्ड के लोगों ने अपने बूते पर बदहाल सड़क बनवा दी। माेहल्ले वालों ने बताया कि अध्यक्ष, वार्ड मेंबर से लेकर ईओ तक से कई बार गुहार की गई, लेकिन काम नहीं हुआ। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने बैठक कर चंदा इकट्ठा किया और करीब 150 मीटर लंबे रास्ते को गिट्टी-मौरंग व रोड़े के मिश्रण से एक फुट ऊंची मजबूत परत बिछाकर सीसी सड़क तैयार करा दी।
स्थानीय निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि बरसात के बाद पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। सबके सहयोग से सड़क बनने के बाद अब राहत मिली है। राणा प्रताप सिंह का कहना था कि जलभराव की समस्या दिखाने के लिए कई बार वार्ड सदस्य को मौके पर बुलाया गया, लेकिन हर बार ‘जल्द बनवा देंगे’ कहकर टाल दिया गया। सुरेंद्र गुप्ता ने बताया, मोहल्ले की बैठक में तय हुआ कि अब किसी का इंतजार नहीं करेंगे और अपने पैसों से ही निर्माण कराएंगे।
नगर पंचायत निघासन के ईओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि उन्हें चंदे से सड़क बनवाने की जानकारी नहीं है।