अवकाश के चलते सवारियां ढो रही थी, कूदकर कर भागे सभी
गैस रिफलिंग दुकानदार पुलिस हिरासत में
ढखेरवा कस्बे के जम्हौरा रोड पर गैस रिफिलिंग करते समय एक स्कूली वैन में आग लग गई। गनीमत यह रही कि छुट्टी होने के चलते उसमें बच्चे नहीं थे। वैन में बड़ी सवारियां थी, जिन्होंने कूद कर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस रिफिलिंग दुकानदार को हिरासत में लिया है। उधर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर रहे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। वे लोग अपनी दुकानें बंद करके रफूचक्कर हो गया।
प्रभारी निरीक्षक डीसी मिश्रा ने बताया कि जम्हौरा निवासी धीरू ने अपनी मारुति वैन को लखनपुरवा स्थित एक स्कूल में किराए पर लगा रखा है। गुरुवार को स्कूल में जाड़े का अवकाश होने के कारण दोपहर करीब दो बजे वह सवारियों को भरकर रमियाबेहड़ जा रहा था। गैस कम होने के कारण ढखेरवा-जम्हौरा रोड पर गैस रिफिलिंग का कार्य करने वाले दुकानदार के पास पहुंचा। धीरू ने उससे गैस रिफिल करवाना शुरू किया। करीब आधा सिलेंडर भरा था कि अचानक वैन में आग लग गई। वैन में बैठी तीन सवारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। इतने में दुकानदार रिफलिंग की मशीन को लेकर वहां से भाग गया। करीब आधे घंटे तक वैन धू धूकर जलती रही। वैन में आग लगने से वहां पर अफरातफरी मच गई। उस मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची ढखेरवा पुलिस ने गैस रिफिलिंग कर रहे दुकानदार को हिरासत में लिया हैं।
बिना परमीशन चलते हैं गैस से वाहन
स्कूलों में चलने वाली मारुति वैन तथा सड़क पर दौड़ रहे डग्गामार वाहन बिना परमीशन गैस सिलेंडर लगाकर अपने वाहनों को चलाते हैं। आरोप है कि निघासन, रकेहटी, ढखेरवा, झंडी, तिकुनियां, दुबहा, बेलररायां, सिंगाही समेत कई कस्बों में गैस रिफिलिंग का धंधा किया जा रहा है। यह कथित दुकानदार गैस एजेंसी पर सांठ गांठ करके गैस सिलेंडर लेते हैं और मोटी रकम लेकर वाहन स्वामियों को बेच देते हैं। आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाके में भी गैस रिफिलिंग करने से कथित दुकानदार जरा सा भी गुरेज नहीं करते हैं।
गैस रिफिलिंग कर रहे दुकानदार को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
-डीसी मिश्रा, इंस्पेक्टर
क्षेत्र में गैस रिफिलिंग की शिकायत मिल रही हैं। छापामारी अभियान चालू कर अवैध रूप से संचालित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-पीके सुधाकर, सप्लाई इंस्पेक्टर