लखीमपुर खीरी/ मैलानी। बेमौसम बूंदाबादी और आसमान में छाए बादलों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। शुक्रवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हुई बूंदाबादी से मौसम में फिर ठंडक महसूस की गई।
सुबह से मौसम साफ था, लेकिन दोपहर में आकाश में घने काले बादल छा गए। ढाई बजे बारिश शुरू हो गई। तीन बजे तक हल्की बारिश होती रही। इस समय खेतों में गेहूं, मसूल की फसल तैयार है। बारिश को देख किसानों के चहरों पर मायूसी झलकने लगी है। बारिश के साथ ही तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका से किसान हलकान हो रहे हैं।
भीखमपुर। शुक्रवार को सुबह से ही मौसम में हुए बदलाव के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। कुछ देर रुक रुक कर बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि लगभग सरसों काटी जा चुकी है लेकिन गेहूं की खड़ी फसल को हवा और ओले नुकसान पहुंचा सकते हैं। किसान हरिराम, राजीव, रामपाल आदि का कहना है कि 15 दिन बाद गेहूं की फसल तैयार हो जाएगी। ओले या हवाओं से खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है।