बरसात का पानी रास्ते पर भरने से बोझिया के ग्रामीण परेशान हैं। बीडीओ और एसडीएम से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों ने वहां पर स्वयं कार्य शुरू किया है।
ग्राम पंचायत बरोठा के मजरा बोझिया निवासी रामू और कामता भगत का घर सूखा नाले के किनारे है। पूरे गांव के बरसात का पानी रास्ते से होकर दोनों के घरों में भरने के बाद नाले में गिर रहा है, जिससे उनके घर भी कट रहे हैं। दोनों ने उस पानी को रोकने का प्रयास किया लेकिन पानी का अधिक बहाव होने के कारण घर के साथ में रास्ता भी पानी भरने से खराब हो गया है। ग्रामीण कामता, भगत, राममूर्ती और पूरनलाल आदि ने इसकी शिकायत बीडीओ, एसडीएम और ग्राम प्रधान से की। कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीण रतीराम लोधी, रामकृपाल, कृष्णा, नत्था, विश्राम, मनमोहन, छंगालाल, राजेश, सीताराम आदि लोगों ने बोरियों में बालू आदि भरकर रास्ते पर लगाकर रास्ता सही करा रहे हैं। उधर बीडीओ तेजवंत सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत में पैसा है, लेकिन काम की अधिकता के कारण कार्य नहीं कराया जा सका है।