पानी भरे रास्ते से गुजरता ग्रामीण।संवाद
सिंगाही। मानसून की आहट से पहले ही खैरीगढ़ ग्राम पंचायत में जलभराव की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बृहस्पतिवार रात हुई मामूली बारिश के बाद कांजी हाउस से लेकर फॉरेस्ट चौकी तक की मुख्य सड़क पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है। पहले भी जलभराव की स्थिति बनी रहती थी, लेकिन हल्की बारिश ने हालात बदतर कर दिए हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह मार्ग खैरीगढ़ की प्रमुख सड़क होने के साथ-साथ शीतलापुर, पचपेड़ा और रामनगर जैसे कई गांवों को जोड़ता है। ऐसे में तीन ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
जलभराव के चलते स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि आने वाले दिनों में लोगों को राहत मिल सके। यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।