ग्राम निबौरया में निर्माणाधीन पानी की टंकी। संवाद
तिकुनिया। ग्राम निबोरिया में नलकूप की सोलर प्लेट बदलने के नाम पर जल निगम ग्रामीण ने पानी की आपूर्ति बंद कर दी। इससे भयंकर गर्मी में एक महीने से लोगाें को पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। ग्रामीणों ने शीघ्र ही पानी की किल्लत दूर कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत निबोरिया में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। अभी ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा नहीं हो पाया था, इसलिए जल निगम ने सीधे नलकूप से आपूर्ति शुरू करा दी थी। लोगों को पानी मिलने मिलने लगा था। अचानक जल निगम के अधिकारियों ने सौर ऊर्जा प्लेटों को दिशा बदलने के लिए खुलवा दिया। इससे पानी की सप्लाई ठप हो गई।
एक महीना बीत गया, लेकिन पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई। गांव के नत्थूलाल, अमेरिका प्रसाद यादव, रामगोपाल कश्यप, मुन्नालाल मिश्रा, जितेंद्र वर्मा और कैलाश जायसवाल ने बताया कि बीते तीन साल से गांव में टंकी बन रही है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
जल निगम के अवर अभियंता रामदास ने बताया कि सौर ऊर्जा प्लेटों के बदलने का काम चालू हो गया है। जल्दी ही पानी की सप्लाई शुरू कराई जाएगी।
ग्राम निबौरया में निर्माणाधीन पानी की टंकी। संवाद