कांशीराम कॉलोनी में आवासों के सामने जलभराव। संवाद
लखीमपुर खीरी। शहर के डीसी रोड स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में गंदगी और जलभराव से परेशान निवासियों ने तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की।
बताया कि ब्लॉक-15 और 16 के आसपास लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है। दावा है कि पूरी कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां चोक होने से घरों के सामने जलभराव व बदबू की समस्या है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने के साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है।
कॉलोनी निवासी शंभू दीक्षित, दीपू कन्नौजिया, हिमांशु श्रीवास्तव, धनीराम, बाबू आदि ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी। घरों के सामने जलभराव से आने-जाने में भी दिक्कत होती है। उन्होंने नियमित सफाई, नालियों की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और गंदगी तत्काल हटाने की मांग की।
लोगों का कहना है कि नया नाला बनाकर कॉलोनी का पानी डीसी रोड स्थित बड़े नाले में गिराया जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है। उन्होंने बताया कि समाधान दिवस में अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
नगर पालिका के ईओ संजय कुमार ने कहा कि नियमित सफाई कराई जाती है और आवासों के पीछे उगी झाड़ियों को भी कटवाया गया है। बारिश के बाद फिर से साफ-सफाई कराई जाएगी।
कांशीराम कॉलोनी में आवासों के सामने जलभराव। संवाद