उपनिदेशक कृषि कार्यालय परिसर में भरा पानी। संवाद
लखीमपुर खीरी। छाउछ चौराहे के पास स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय परिसर में बारिश का पानी भरने से अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों को परेशानी हो रही है।
पानी निकासी की व्यवस्था न होने से कई दिनों से जलभराव है। परिसर के कई कमरों तक पानी पहुंच गया है, जिससे दस्तावेज भीगने का डर है।
कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में किसानों का आना-जाना रहता है। परिसर के आगे तालाब होने के बावजूद पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। मुख्य मार्ग पर भी एक से दो फीट पानी भरा है। सड़क पर कई गड्ढे हैं। जलभराव के कारण आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र ने बताया कि एक-दो बार मोटर से पानी निकाला गया, लेकिन बारिश होने से फिर जलभराव हो गया। फिलहाल पीछे की ओर से वैकल्पिक रास्ता बनाया गया है। हर वर्ष बरसात में इस तरह की समस्या रहती है।