लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल में रविवार देर रात एक स्वास्थ्य कर्मी की हार्टअटैक से मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में ही सीएमएस सहित अस्पताल की लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
जिला अस्पताल में वार्ड बॉय विजय यादव की रविवार रात घर में दिल का दौरा पड़ने से हालत बिगड़ गई। परिजन उनको लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। विजय की मौत से परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने अस्पताल में ही हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने सीएमएस सहित अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि विजय को काम से छुट्टी नहीं मिल रही थी, जब उनकी हालत बिगड़ी तो अस्पताल ले जाने पर वहां इलाज के लिए मशीनें और उपकरण तक नहीं थे।
इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उधर, हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीएमएस डॉ. आरके कोली ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही विजय की मौत हो चुकी थी। परिजनों के आरोप निराधार हैं। संवाद