- डीएम के पास फरियाद लेकर पहुंची मां, निमार्ण कार्य रोकने की मांग
- अवैध तरीके से दुकानों का निर्माण कर खुर्द-बुर्द करने का आरोप
- बुजुर्ग महिला ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को भेजी शिकायत
शहर में वक्फ बोर्ड की जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जा कर दुकानों का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में मोहल्ला थरवरनगंज के हाल्टीन बंगला निवासी आयशा बेगम ने वक्फ की जमीन की देखरेख करने वाले अपने सगे पुत्र के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत करते हुए निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। साथ ही सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ के चेयरमैन से शिकायत की गई है। डीएम ने मामले की जांच एसडीएम सदर को सौंपी है।
मोहल्ला थरवरनगंज के हाल्टीन बंगला निवासी आयशा बेगम ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा हैै कि पूर्वजों ने अपनी जमीन वक्फ के नाम रजिस्टर की थी। इसकी देखरेख के लिए पुत्र शकील अहमद को वक्फ बोर्ड ने मुतवल्ली नियुक्त किया था। कचहरी रोड पर स्थित वक्फ बोर्ड की जमीन कीमती होने के कारण मुतवल्ली पुत्र ने लालच में आकर खुर्द बुर्द करना शुरू कर दिया है। आरोप है कि वक्फ बोर्ड को गुमराह करके अवैध तरीके से दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें कई अमीरों से मोटी रकम लेकर वक्फ की जमीनों को खुर्द बुर्द किया जा रहा है। पिछले वर्ष बोर्ड ने जिन शर्तों पर निर्माण कार्य करने की अनुमति दी थी, उनका पालन नहीं कराया जा रहा हैै। आरोपों की बाबत मुतवल्ली शकील अहमद ने बताया कि बेवजह किराएदार लोग शिकायत कर रहे हैं। बोर्ड से अनुमति लेकर निर्माण कराया जा रहा हैै।
एसडीएम सदर आलोक वर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में हैै। जल्द ही आरोपी को नोटिस जारी कर मामले की गहनता से जांच की जाएगी।