तिकुनिया। ग्राम पंचायत जसनगर के मजरा केवटली में करीब एक किलोमीटर मुख्य सड़क 17 साल से नहीं बनी है। दोनों ओर की नालियां बंद और क्षतिग्रस्त होने से बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीण सुखराम, रतिराम, बिहारीलाल, दिनेश कुमार, छतरपाल, नंदराम और राम स्वरूप ने बताया कि रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग पर बाबूराम चौहान की दुकान से रामुलाल के घर तक का मार्ग करीब 17 साल पहले ग्राम पंचायत आंबेडकर योजना में था। बाद में जल जीवन मिशन के तहत सड़क के बीच नाली बना दी गई। दोनों ओर की नालियां भी फट गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद अब तक आश्वासन ही मिला है। ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि सुरेश तलवाड ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर काम कराया जाएगा। निघासन बीडीओ जयेश सिंह ने बताया कि मौके पर जांच कर धन मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।