गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। मोहम्मदी मार्ग निवासी सराफा व्यापारी पंकज राजपूत 24 फरवरी की दोपहर संदिग्ध हालात में लापता हो गए, उनके भाई दीपक राजपूत ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। उनकी तलाश में परिवार वाले और साथी सराफ लगे रहे, जिससे कुछ सराफा दुकानें बंद रहीं।
मोहम्मदी मार्ग निवासी स्वर्गीय जगदीश प्रसाद राजपूत के 39 वर्षीय पुत्र पंकज राजपूत की इसी मार्ग पर सदर चौराहे से एक फर्लांग दूर सराफा की बड़ी दुकान है। पंकज के भाई दीपक ने बताया कि उनके भाई पंकज ने 24 फरवरी को दुकान खोली थी। वह दोपहर 12 बजे तक दुकान पर रहे, फिर अचानक नीचे चले गए। उसके बाद से उनका पता नहीं चला। काफी देर होने पर जब पंकज का फोन लगाया गया तो उनके दोनों मोबाइल नंबर स्विच ऑफ निकले। इस पर उन्होंने नगर और रिश्तेदारों में तलाश किया किंतु कोई पता नहीं चला, जिससे किसी अनहोनी की आशंका में उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करा दी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ लापता
मोहल्ला कुम्हारन टोला निवासी प्रकाश ने पुलिस में दी गई तहरीर में कहा है कि उसका 50 वर्षीय भाई सोशी 17 फरवरी से कहीं लापता हो गया है। परिचितों, रिश्तेदारी में भी कोई पता नहीं लगा है। प्रकाश ने किसी अनहोनी की शंका जताई है। संवाद