धनगढ़ी में मुख्य निर्वाचन कार्यालय के उदघाटन के मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी।सं
धनगढ़ी (नेपाल)। पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए कैलाली सहित पूरे सुदूर पश्चिम प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को धनगढ़ी स्थित स्वास्थ्य तालीम केंद्र में कैलाली जिला निर्वाचन क्षेत्र नंबर-पांच के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की स्थापना की गई।
कार्यालय का उद्घाटन कैलाली के जिला न्यायाधीश भुवन सिंह थापा और जिलाधिकारी हीरा लाल रेगमी ने संयुक्त रूप से किया। कैलाली के साथ ही सुदूर पश्चिम के सभी 16 निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार से निर्वाचन कार्यालयों ने काम करना शुरू कर दिया है। निर्वाचन अधिकारी प्रेमराज भट्ट ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 20 जनवरी से होगी। इसमें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। निर्वाचन कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार, 21 जनवरी को नामांकन पत्रों पर आपत्ति दर्ज की जाएगी, जबकि 22 जनवरी को पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। 23 जनवरी को संशोधित नामावली का प्रकाशन और 24 जनवरी को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 25 जनवरी को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
चुनाव प्रचार के लिए 15 फरवरी से 3 मार्च तक का समय निर्धारित किया गया है, जबकि मतदान से 48 घंटे पहले मौन अवधि लागू हो जाएगी। कैलाली जिले के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में इस बार कुल 5,51,052 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
प्रशासन ने जिले भर में 237 मतदान स्थल और 629 मतदान केंद्र बनाए हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश स्वास्थ्य तालीम केंद्र प्रमुख नरेंद्र सिंह कार्की, जिला अदालत के चेतराज पंत, कैलाली पुलिस प्रमुख एसपी नरेंद्र चंद, एपीएफ 34 नंबर गण वाहिनी के एसपी सुरेंद्र रंजीत सहित कई गणमान्य अधिकारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।