- इंटर फ्रंटियर ग्लेशिटियर प्रतियोगिताओं का एसएसबी मुख्यालय पर शुभारंभ
- सेक्टर पीलीभीत के डीआईजी ने किया उद्घाटन, वॉलीबाल में लखनऊ विजयी
एसएसबी 39वीं वाहिनी गदनियां मुख्यालय पर इंटर फ्रंटियर ग्लेशिटियर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ डीआईजी सेक्टर पीलीभीत ने किया। शुभारंभ के दिन हुए वॉलीबाल प्रतियोगिता के पहले मैच में लखनऊ ने रानीखेत को पटखनी दी। इसमें एसएसबी के पूरे देश की 70 बटालियन से बने छह फ्रंटियर शामिल हैं।
शुभारंभ डीआईजी सेक्टर पीलीभीत डॉ. पीके रोशन आईपीएस ने सफेद कबूतर और गुब्बारा उड़ाकर किया। इसमें वॉलीबाल, हैंडबॉल, बास्केटबाल और कबड्डी आदि की प्रतियोगिताएं होंगी। जिनमें पूरे भारत की 70 बटालियन को मिलाकर बने लखनऊ, रानीखेत, पटना, गुवाहाटी, तेजपुर, सिलीगुड़ी आदि छह फ्रंटियर हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन वॉलीबाल प्रतियोगिता लखनऊ और रानीखेत फ्रंटियर के बीच हुई। जिसमें लखनऊ ने 25-23, 25-20 से रानीखेत को हराया। सेक्टर कमांडेंट के रंजीत ने सभी खिलाड़ियों और टीमों को खेल भावना की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रभारी कमांडेंट राजीव रंजन, सहायक कमांडेंट सौरव कुमार सहित एसएसबी के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। यहां गुरुकुल एकेडमी स्कूल में एसएसबी द्वारा कराई जा रही प्रतियोगिताओं की बास्केटबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें पहले दिन लखनऊ बनाम तेजपुर, रानीखेत बनाम सिलीगुड़ी तथा लखनऊ बनाम पटना के बीच मैच हुआ। एसएसबी द्वारा स्कूल में कराई जा रही प्रतियोगिताओं के लिए अध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला तथा प्रधानाचार्य एचपी बड़ोनी ने आभार व्यक्त किया है। जबकि स्कूल के मैनेजर मुकेश अग्रवाल ने बताया कि एसएसबी द्वारा कराई जा रही प्रतियोगिताओं में जो भी टीम विजयी होगी उसके साथ में गुरुकुल एकेडमी की बास्केटबाल टीम का अभ्यास मैच कराया जाएगा।