जिला असपताल की ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़। संवाद
लखीमपुर खीरी। इस बार गर्मी के सीजन में मौसम का उतार चढ़ाव लगातार जारी है। भीषण गर्मी के बीच-बीच में बारिश और आंधी से मौसम बदल जा रहा है। मौसम में इस उतार चढ़ाव के कारण वायरल बुखार का प्रकोप बराबर बना हुआ है।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 1033 मरीजों की ओपीडी रही। इसमें त्वचा, डायरिया व पेट संबंधी मरीजों के अलावा वायरल बुखार के अधिकांश मरीज रहे। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. रोहित पाठक ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के कारण वायरल बुखार लोगों को चपेट में ले रहा है।
लोगों को सावधानी बरतने जरूरत है। बदलते मौसम में ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम न खाएं। इसके अलावा घर व आसपास साफ-सफाई रखें। नालियों में पानी का ठहराव न होने दें। इससे मच्छर पनपते हैं और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। बुखार लगने पर अपने आप दवा न खाएं, बल्कि कुशल चिकित्सक से ही परामर्श कर दवा लें।
-
इन चीजों का रखें ध्यान
घर के बाहर बने खाद्य पदार्थों को न खाएं।
घर पर भी साफ और ताजा खाना खाएं।
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
तेज धूप में निकलने से बचें।
अपनी दिनचर्या में व्यायाम को शामिल करें।