बिजुआ। गोला रेंज के रायपुर गांव में मंगलवार शाम सात बजे तेंदुए के दो शावक गांव तक पहुंच गए। शावकों को देखते ही गांव वालों के होश उड़ गए। गांव वालों ने शोर मचाया, गन्ने की पत्ती इकट्ठी करके आग जलाई तो दोनों शावक जंगल की तरफ चले गए।
रायपुर गांव जंगल किनारे बसा हुआ है। इससे अक्सर हिंसक वन्यजीव गांव में आ जाते हैं। फाॅरेस्टर नरेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम को सूचना मिली थी। टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। पता चला कि तेंदुए के दो शावक गांव की तरफ पहुंच गए थे।
बड़ी मुश्किल से दोनों को जंगल की तरफ खदेड़ा गया। लोगों को समझा दिया गया है कि वन्यजीवों को अकारण छेड़ना नहीं है। सुबह-शाम खेतों की तरफ अकेले नहीं जाना है। वन्यजीव दिखाई देते ही तुरंत वन विभाग को सूचित करें।