मझगईं। ग्राम पंचायत मुर्गहा बलीपुर के नजदीकी इलाकों में आए दिन हिंसक वन्यजीव दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में हैं। मंगलवार शाम मुर्गहा के मस्तराम, पृथ्वीपाल, प्रेम नारायण, श्रीकांत, विपिन, अमृतपाल और रवि खेत गए थे। इसी दौरान गन्ने के आसपास वन्यजीव देखकर उन्होंने बाघ होने का दावा किया। ग्रामीणों के मुताबिक, शोर मचाकर उसे खेतों से जंगल की ओर खदेड़ दिया और वनकर्मियों को सूचना दी।
डिप्टी रेंजर मनोज यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। वन अधिकारियों ने लोगों को फिलहाल अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी है। ग्रामीणों ने बाघ को जल्द पकड़ने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में मुर्गहा गांव में किसी प्रकार की घटना हुई तो रेंज चौकी और थाने का घेराव करेंगे।
वन क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि टीम को जांच में बाघ नहीं, तेंदुए के पैरों के निशान मिले हैं। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है और गश्त बढ़ा दी गई है।