तेज बहाव में कटी खमरिया कलां की सड़क। स्रोत: ग्रामीण
धौरहरा। ईसानगर क्षेत्र के खमरिया गांव में बारिश के बाद सड़क कई स्थानों पर कटने के साथ बीच से धंस गई है। जलभराव से ग्रामीणों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण अधिक समय पहले नहीं हुआ था, लेकिन पहली ही बरसात में परतें उखड़ गईं और बीच का हिस्सा धंस गया। इससे आवागमन बाधित है। उन्होंने निर्माण में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई के साथ गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। संवाद