पलियाकलां। तहसील में एसडीएम कोर्ट के पेशकार अमर पाल ने वीडियो बनाकर एसडीएम न्यायिक शुभेंदु शेखर सिंह पर अभद्रता करने और अधिवक्ताओं के सामने गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में आत्महत्या किए जाने की बात भी कही गई है।
वहीं, इस मामले में पलिया बार एसोसिएशन के अधिवक्ता एसडीएम न्यायिक के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने आरोपों को गलत बताते हुए उक्त पेशकार पर ही भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। एसडीएम न्यायिक ने भी इसको लेकर कुछ दिन पहले डीएम को पत्र भेजने की बात कही है व आरोपों को निराधार बताया है।
अधिवक्ताओं ने डीएम को पत्र भी भेजा है, जिसमें छह सूत्रीय मांगें रखी गई हैं। इसमें एक मांग उक्त पेशकार के 10 वर्षों से यहां तैनात होने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए तबादला किए जाने की भी मांग की गई है। एसडीएम न्यायिक शुभेंदु शेखर सिंह ने बताया कि उनसे अधिवक्ताओं ने शिकायत की थी और पेशकार के रवैये पर आपत्ति जताई थी।
उक्त पेशकार उनको भी किसी प्रकार की जानकारी नहीं देता था। इसके लिए अधिवक्ताओं को बुलाकर केवल डांटा था। अभद्रता नहीं की गई थी। उक्त पेशकार के खिलाफ डीएम को पत्र भी भेजा जा चुका है, जिस पर उसके खिलाफ कार्रवाई को लिखा जा चुका है। अब पेशकार दबाव बनाने व फर्जी तरीके से हावी होने के लिए उन पर बेवजह का आरोप लगा रहा है।
वह खुद मामले की जांच अपने स्तर से करते हुए रची जा रही साजिश का पर्दाफाश करेंगे और जरूरत पड़ने पर अधिवक्ताओं को भी बुलाएंगे, ताकि वह बताएं कि उन्होंने कहीं भी कुछ गलत नहीं कहा था।