वाहन को हरी झंडी दिखाते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार। स्रोत : आयोजक
लखीमपुर खीरी। जनपद में गोबर और मिट्टी से तैयार 25000 दीये अयोध्या भेजे गए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
धौरहरा ब्लॉक की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने गोबर और मिट्टी से पर्यावरण अनुकूल ये दीये तैयार किए हैं, जिनको अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव समारोह के लिए भेजा गया है। इनका निर्माण पूरी तरह स्थानीय संसाधनों से किया गया है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई राह मिली है।
यह पहल स्वदेशी नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण का सुंदर संगम है। सीडीओ ने कहा कि महिलाओं की यह अनोखी पहल अयोध्या के दीपोत्सव को और भी विशेष बनाएगी। यह आत्मनिर्भर भारत और स्वच्छ, हरित समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस मनीषा, बीडीओ संदीप कुमार, समूह महिलाएं सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।