- चीनी मिल उपाध्यक्ष और जीएम के कहने पर शांत हुए किसान
गन्ना उतरवाई को लेकर किसानों ने चीनी मिल का घेराव कर जमकर हंगामा काटा। किसी तरह से नाराज किसानों को चीनी मिल उपाध्यक्ष अमन दीप सिंह और जीएम वीएस राजकुमार ने किसानों को शांत करते हुए शीघ्र ही समस्या का हल कराने का आश्वासन दिया है।
बेलरायां चीनी मिल में क्रय केंद्रों पर गन्ना उतरवाई को लेकर किसान बेलरायां चीनी मिल पहुंचे। वहां पर किसानों ने आरोप लगाया कि गन्ना उतरवाई के नाम पर मजदूर डनलप से 30 से 40 तथा ट्रॉली का 60 रुपये की वसूली करते हैं। चीनी मिल संचालक विनोद वर्मा, गोबिंदर सिंह आदि का आरोप है कि बेलरायां चीनी मिल को छोड़कर प्रदेश की किसी भी चीनी मिल में गन्ना उतराई का भुगतान किसान नहीं देता है। डनलप और ट्रॉली से गन्ना उतरवाने की जिम्मेदारी चीनी मिल और ट्रांसपोर्टर की होती हैं। आरोप है कि उन लोगों की मनमानी के चलते किसानों को अपनी जेब से गन्ना उतरवाने का भुगतान देना पड़ता है। आरोप है कि इतना ही नहीं क्रय केंद्रों पर ट्रक आने के इंतजार में किसानों को गन्ने से भरी ट्रॉली आदि खड़ी करनी पड़ती है। नियमानुसार यदि किसी क्रय केंद्र पर ट्रक आदि नहीं हैं तो किसान अपना गन्ना क्रय केंद्र पर उतारकर अपना वाहन ले जा सकता है। चीनी मिल उपाध्यक्ष अमन दीप सिंह ने बताया कि वर्षों से गन्ना उतरवाई के नाम पर हो रही धांधली को हर हाल में बंद किया जाएगा। इस दौरान तरजिंदर सिंह, दयाशंकर, जोगेंद्र सिंह, दीनदयाल, रामऔतार आदि लोग मौजूद रहे। जीएम वीएस राजकुमार ने बताया कि इस मामले में ट्रक आपरेटरों को बुलवाकर समस्या का हल निकाला जाएगा।