लखीमपुर-ढखेरवा मार्ग पर प्रदर्शन करते हिंदू संगठन के लोग। संवाद
महेवागंज/फूलबेहड़। ढखवा गांव में खइयां पिकेट से कुछ दूर एक झोंपड़ीनुमा घर में गोवंशीय पशु का मांस मिलने की सूचना पर बुधवार को हंगामा हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने झोंपड़ी में तोड़फोड़ की, जबकि हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। एएसपी पवन गौतम के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
बुधवार को शारदानगर मार्ग स्थित खइयां गांव में एक क्रशर के निकट बने घर में गोवंशीय पशु के मांस के ताजा अवशेष मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेकर झोंपड़ी की तलाशी ली। आरोप है कि घर से कच्चा और पका मांस जमीन में दबा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित लोगों ने झोंपड़ी में तोड़फोड़ की और लखीमपुर-ढखेरवा मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में एएसपी के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
-
मौके से मिले अवशेष कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
-पवन गौतम, एएसपी, पूर्वी