लखीमपुर खीरी के धौरहरा तहसील के थाना ईसानगर क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के 10 से 12 लोगों के घाघरा नदी में बहने की खबर थी। हालांकि अब जानकारी मिल रही है कि वह सभी लोग एक टापू पर फंसे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक सभी लोग नाव पर सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। मौके पर एक स्टीमर पहुंच चुका है। बचाव कार्य जारी है।
थाना ईसानगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिरजापुर गांव के आठ से दस लोग नाव लेकर सुबह नदी पार अपने खेत देखने जा रहे थे। गांव वालों का कहना है कि नदी में बहकर आई लकड़ी उठाने के लिए गांव के 10 लोग नाव पर सवार होकर गए थे कि अचानक नाव पलटने से हादसा हो गया।
नाव पर सवार लोगों में सुंदर पुत्र गया प्रसाद, त्रिमोहन पुत्र सुंदर, अशोक कुमार पुत्र गया प्रसाद, ढोड़े पुत्र ननकू, दीपू पुत्र ननकऊ, सुरेंद्र कुमारपुत्र ननकऊ, कृपा दयाल पुत्र मोहन, मुरारी पुत्र मौजीलाल, राजू पुत्र शैलाफी बताए जाते हैं। मौके पर एसडीएम धौरहरा रेनू, थाना अध्यक्ष राज करण शर्मा, तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ला बचाव दल के साथ मौजूद हैं।
वहीं, डीएम डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया की वह मौके पर पहुंच रहे हैं। जबकि गांव में मौजूद एसडीएम रेनू ने बताया कि अभी कुछ कंफरमेशन नहीं है। सूचना के आधार पर हम अलर्ट हैं। राहत बचाव के प्रयास जारी हैं। आधे घंटे में सब तस्वीर साफ हो जाएगी।