287 स्कूलों की ओर से केंद्र बनाने के लिए किया गया आवेदन
तहसीलवार टीमें गठित कर कराया जा रहा स्कूलों का सत्यापन
लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड ने 2022 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्र निर्धारण के लिए जो सूचनाएं प्रधानाचार्यों ने बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की थीं, तहसीलवार उनका सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए एसडीएम के नेतृत्व में टीमें गठित हैं। परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए जिले के 287 विद्यालय के प्रधानाचार्यों ने आवेदन किया है।
अगले साल होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के माध्यमिक स्कूल के प्रधानाचार्यों ने परीक्षा केंद्र बनने के लिए आवश्यक सूचनाएं (बिजली, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, भवन, छात्रों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर आदि) परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं। केंद्र बनाने के लिए अब इनका भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए डीएम ने तहसीलवार एसडीएम के नेतृत्व में समिति गठित की है। विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कार्य नौ दिसंबर तक पूरा होना है। समिति को विद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य से यूजर आईडी और पासवर्ड लेकर स्कूल प्रांगण से ही लॉगिन करना होगा। इसके बाद निर्धारित एप से विद्यालय का जियो लोकेशन (अक्षांश एवं देशांतर) परिषद की वेबसाइट के सर्वर पर स्वत: दर्ज हो जाएगा।
बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। केंद्र निर्धारण के लिए माध्यमिक विद्यालयों की ओर से अपलोड सुविधाओं का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए तहसीलवार टीमें गठित हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद केंद्र निर्धारण प्रक्रिया को गति मिलेगी।
- ओपी त्रिपाठी, डीआईओएस