लखीमपुर खीरी। फरवरी में आयोजित यूपी बोर्ड के परीक्षा के लिए केंद्राें की फाइनल सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिले के 129 केंद्रों में परीक्षा संपन्न होगी। इसमें 90 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे।
डीआईओएस विनोद मिश्रा ने बताया कि इस बार हाईस्कूल के लिए 49,980 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इंटरमीडिएट के लिए 40,260 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। पहले विभाग ने 128 केंद्रों की सूची बोर्ड को भेजी थी। आपत्तियाें के निस्तारण के बाद एक केंद्र बढ़ाकर 129 केंद्रों की सूची बोर्ड को भेजी गई है।
बोर्ड परीक्षा इस बार भी सीसी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि केंद्र पर आने वाले विद्यार्थियों को किसी तरह की कोई दिक्कत न होने पाए।
बोर्ड परीक्षा शुरू होने के करीब एक सप्ताह पहले ही जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां से जिले के सभी केंद्रों की निगरानी कराई जाएगी। 24 घंटे कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की तैनाती रहेगी, ताकि केंद्र व्यवस्थापक किसी तरह की कोई गड़बड़ी न कर सकें। जिला मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम को लखनऊ बोर्ड से जोड़ा जाएगा। लखनऊ में बैठ अधिकारी किसी भी समय किसी केंद्र के सीसीटीवी कैमरे देख सकेंगे।
नोडल की होगी तैनाती, स्टेटिक मजिस्ट्रेट करेंगे निरीक्षण
परीक्षा को लेकर बनाए गए केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। साथ ही जिला मुख्यालय पर भी नोडल के रूप में एसडीएम को चार्ज सौंपा जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा को लेकर शिक्षकों की ड्यूटी लगाने की कवायद पूरी की जा रही हैं। इसमें बेसिक के शिक्षकों को भी लगाया जाएगा।