लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में केंद्र निर्धारण समिति की बैठक हुई। इसमें 132 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने का समिति ने निर्णय लिया।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में परीक्षा केंद्रों को लेकर आई ऑनलाइन आपत्तियों का निस्तारण कर 132 परीक्षा केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने परीक्षा केंद्र आदि को लेकर समिति को जानकारी दी। बैठक में एडीएम संजय कुमार सिंह, डाइट प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता, बीएसए डॉ. लक्ष्मी कांत पांडेय सहित सभी एसडीएम मौजूद रहे।
परीक्षा केंद्र बनाने में रुपये मांगने की करें शिकायत
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यदि कोई किसी विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए रुपयों की मांग या फिर अन्य किसी प्रकार की अपेक्षा करे तो उसका वीडियो बनाकर डीआईओएस या फिर हमारे सीयूजी नंबर पर भेजें। जिससे संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजा सके।