खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत उचित दर की दुकानों में आटोमेशन सिस्टम लागू करने के लिए जिले के चयनित कस्बे बरवर में निर्धारित समय सीमा में महज 40.73 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है। पात्र गृहस्थियों के सभी यूनिट आधार कार्ड से लिंक करने के लिए कस्बे की तीनों उचित दर दुकानों पर आधार कार्ड बनाने को दो-दो मशीनें लगाई गई हैं। यहां आधार कार्ड बनाने का काम शनिवार तक जारी रहेगा।
बरवर कस्बे की उचित दर दुकानों पर आटोमेशन सिस्टम लागू करने के लिए तीनों दुकानों के डेटा बेस में से पात्र गृहस्थियों के सभी परिवारों की सूची 30 सितंबर तक त्रुटिहीन किया जाना था। इसके अलावा सभी पात्र गृहस्थियों में महिला मुखिया का फोटो आधार कार्ड नंबर, एपिक नंबर और अन्य सभी प्रविष्टियों को पूरा करके सूची शुद्ध किया जाना था। 15 दिन की कवायद में 40.73 फीसदी पात्र गृहस्थियों के डेटा बेस में आधार कार्ड, ऐपिक कार्ड, बैंक एकाउंट नंबर आदि फीड किए जा सके हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत ऑटोमेशन सिस्टम शुरू करने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक नगरीय क्षेत्र को मॉडल के तौर पर चयन किया गया है। खीरी जिले में बरवर कस्बा चयनित किया गया है। बरवर की तीन उचित दर की दुकानों से संबद्ध राशनकार्डों को आधार कार्ड से लिंक करने के लिए तीनों दुकानों पर आधार कार्ड बनाने को दो-दो मशीनें लगाई गई हैं। जिन उपभोक्ताओं के आधार कार्ड पहले से नहीं बने हैं उनके आधार कार्ड पंजीकरण संख्या की फीडिंग कर दी जाएगी। मोहम्मदी के पूर्ति निरीक्षक की देख रेख में पात्र गृहस्थियों की सूची को शत प्रतिशत शुद्ध करने का काम जारी है। सूची तैयार होने के बाद इसकी रेंडम चेकिंग होगी।
कस्बे में खाद्य सुरक्षा के तहत चयनित कुल 1903 पात्र गृहस्थियों और 390 अंत्योदय कार्ड धारकों में से 775 पात्र गृहस्थियों और 174 अंत्योदय के डेटा को आधार कार्ड से लिंक कर दिया गया है। अंत्योदय राशन कार्ड के आधार कार्ड से लिंक करने का प्रतिशत 44.62 और पात्र गृहस्थियों का प्रतिशत 40.73 प्रतिशत है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुुसार खाद्य सुरक्षा अधिनियम में उचित दर की दुकानों पर ऑटोमेशन सिस्टम लागू करने के लिए चयनित बरवर कस्बे के लोगों के आधार कार्ड न बने होने से सूची को शुद्ध करने में देरी हुई है। काम जारी है, जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा।
ये है स्थिति
बरवर कस्बे की कुल आबादी 14196
एपीएल राशनकार्ड 4215
बीपीएल राशन कार्ड 681
अंत्योदय राशन कार्ड 390
उचित दर की दुकान 03
चयनित पात्र गृहस्थियां 1903