समय से कार्य पूरा न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी
वित्त वर्ष 2015-16 में कराए गए विकास कार्यों के बिल और ब्यौरे की आनलाइन फीडिंग दर्जन भर से ग्राम पंचायतों ने नहीं की है। डीपीआरओ सुनील कुमार पांडेय ने प्रिया साफ्टवेयर पर फीडिंग न कराने वाले सेक्रेटरियों को नोटिस जारी किया है, जिसमें तय समय सीमा में कार्य पूर्ण न कराने पर वेतन वृद्धि बाधित करने की चेतावनी दी है।
बता दें कि ग्राम निधि से खर्च की गई धनराशि का ब्यौरा भारत सरकार के प्रिया साफ्टवेयर पर फीडिंग करना अनिवार्य है। धौरहरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अदलीसपुर, अमेठी, चेहमलपुर, हसनापुर, जुगनुपुर, नयागांव, ऊंचगांव समेत दर्जन भर से अधिक का ब्यौरा अभी आनलाइन फीड नहीं किया गया है। जबकि चालू वर्ष 2016-17 समाप्ति की ओर है, जिसकी फीडिंग की अभी शुरुआत भी नहीं हुई है। डीपीआरओ सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी शैलेष गुप्ता और विवेकानंद शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न कराने पर दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक एवं वेतन वृद्धि बाधित करने की कार्रवाई की जा सकती है।