जनपद की 995 ग्राम पंचायतों में 2290 मार्गों पर खड़ंजा बिछाने के महाभियान का सोमवार को आगाज हो गया। जिसका शुभारंभ विकास भवन परिसर में राज्यसभा सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने किया। 25 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत गांवों में 200 किमी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाएगा।
सीडीओ नितीश कुमार के मास्टर प्लान में शुमार खड़ंजा महाभियान की सफल शुरुआत के साथ ही प्रदेश में खीरी ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। मनरेगा और राज्य वित्त आयोग योजना से एक साथ 995 ग्राम पंचायतों में 200-200 मीटर खड़ंजा बिछाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे सात दिन में पूरा कर लिया जाएगा। एक नई सोच और कुछ बड़ा करने की हसरत में इस महाभियान को सफल बनाने के लिए दिसंबर में ही पूरा खाका तैयार कर लिया गया था। सोमवार को विकास भवन परिसर में समारोहपूर्वक इस महाभियान का आगाज भी हो गया, जिसकी सफलता विकास के मॉडल के तौर पर खीरी को नई पहचान दिलाएगी। वहीं अन्य जनपदों के अधिकारियों तक एक संदेश भी पहुंचाएगी कि अगर प्लानिंग के साथ कुछ बड़ा करने का प्रयास हो तो निश्चित ही सफलता मिलेगी। इस कार्य को सफल बनाने के लिए 15 ब्लाकों में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। जबकि न्याय पंचायतवार 157 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
विकास भवन परिसर में खड़ंजा महाभियान के शुभारंभ के मौके पर विधायक उत्कर्ष वर्मा, रामसरन, डीएम गौरव दयाल, सीडीओ नितीश कुमार, एडीएम हरिकेश चौरसिया, डीपीआरओ योगेंद्र्र कटियार, पीडी डॉ. दिनेश सिंह, बीएसए डॉ. ओपी राय, एआर कोआपरेटिव आरके सिंह, डीडीओ वीरेंद्र यादव, एई आरसी गुप्ता समेत कई अधिकारी और विकास भवन के समस्त विभागों का स्टाफ मौजूद रहा।
फैक्ट फाइल
- 1.50 अकुशल श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
- 26 हजार अर्धकुशल श्रमिक भी करेंगे कार्य
जाबकार्डधारक परिवार को मिल सकेगा 14 दिन रोजगार
- 2290 कच्ची गलियों में बिछाया जाएगा खड़ंजा
ब्लाकवार बिछने वाला खड़ंजा
ब्लाक ग्राम पंचायत खड़ंजा (किमी)
बांकेगंज 44 8.800
बेहजम 68 13.600
बिजुआ 71 14.200
धौरहरा 39 7.800
ईसानगर 70 14.000
कुंभी 62 12.400
लखीमपुर 101 20.200
मितौली 81 16.200
मोहम्मदी 82 16.400
नकहा 62 12.400
निघासन 59 11.800
पलिया 60 12.000
पसगवां 94 18.800
फूलबेहड़ 60 12.000
रमियाबेहड़ 42 8.400