अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक ज्ञापन देकर मुजफ्फरनगर के अखिल गुप्ता की हत्या के मामले में आसाराम पर हत्या के षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। परिषद ने अखिल गुप्ता के परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी की।
ज्ञापन में कहा गया है कि जेल में निरुद्ध आसाराम के मामले में सरकारी गवाह अखिल गुप्ता की हत्या कर दी गई। इससे आसाराम को मुकदमे में लाभ मिलना तय है। मांग की मामले की जांच कराकर आसाराम के खिलाफ हत्या के षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज किया जाए और हत्याभियुक्तों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। कहा कि सरकारी गवाह की सुरक्षा का दायित्व सरकार का है। मुजफ्फरनगर पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा में चूक से यह घटना हुई है। इसलिए लापरवाह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर उन पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
कहा गया कि हत्याकांड के वादी मृतक के चचेरे भाई आशीष गुप्ता और उनके परिवारीजन बेहद डरे हुए हैं, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में कार्रवाई न हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।