ईसानगर में पंप पर पेट्रोल वितरण कराते एसओ। संवाद
धौरहरा। धौरहरा और खमरिया क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल का संकट गहरा गया है। रविवार दोपहर से धौरहरा, सिसैया लालजीपुरवा, रामनगर लहबड़ी समेत अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म हो गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार दोपहर तक खमरिया क्षेत्र के बैबहा, बेटहा सहित कस्बे के सभी पेट्रोल पंपों पर भी ‘नो स्टॉक’ की स्थिति बन गई, जिससे समस्या और बढ़ गई। ईंधन न मिलने से लोगों को लंबी दूरी तय कर दूसरे स्थानों के पंपों का रुख करना पड़ा।
कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर भीड़ और अव्यवस्था बढ़ने पर डीलर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निर्मल तिवारी ने खुद मोर्चा संभालते हुए लाइन लगवाकर ईंधन वितरण कराया। पुलिस की मौजूदगी में नियंत्रित तरीके से पेट्रोल-डीजल बंटवाया गया, जिससे अफरा-तफरी पर काबू पाया गया।
डीलरों को डिमांड बढ़ाकर ईंधन मंगवाने के लिए कहा गया है, ईंधन आ भी रहा है। रात तक सभी पंपों पर ईंधन उपलब्ध हो जाएगा। लोग अफवाहों से बचें, ईंधन की कोई कमी नहीं है।
-शशिकांत मणि, एसडीएम, धौरहरा
-