लखीमपुर खीरी। लखनऊ विवि से संबद्ध जिले के काॅलेजों में स्नातक और परास्नातक परीक्षाएं 28 अप्रैल से शुरू होनी हैं। इसको लेकर कॉलेज प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। परीक्षाओं को पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
कॉलेजों के नोडल-प्राचार्य युवराज दत्त महाविद्यालय हेमंत पाल ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से तिथियां घोषित कर दी गई हैं, जिनमें बदलाव की संभावना न के बराबर है। परीक्षाओं में दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। दो पालियों में होने वाली परीक्षा सीसी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम के साथ एमए, एमएससी और एमकॉम के छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक होगी। बीए, बीएससी, बीकॉम के लिए ऑब्जेक्टिव प्रश्नपत्र होंगे, जबकि एमए, एमएससी और एमकॉम के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा होगी।
-
परीक्षा से 20 मिनट पहले मिलेगा प्रवेश
परीक्षा शुरू होने से 20 मिनट पहले ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। मुख्य गेट पर सख्त जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। कॉलेज में सचल दस्ता लगातार निगरानी करेगा। नकल करते पाए जाने पर संबंधित छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।