पसगवां। नेशनल हाईवे पर बसे उचौलिया को शाहजहांपुर से इलेक्ट्रिक बस सेवा मिलने नागरिकों में खुशी है। उचौलिया से शाहजहांपुर 18 किलोमीटर है। शाहजहांपुर में इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत हुई है। उसी सेवा का विस्तार उचौलिया तक किया गया है।
नेशनल हाईवे पर होने के बाद भी यहां बसों के स्टापेज नहीं हैं। नजदीक होने के कारण शाहजहांपुर से अप डाउन करने वाले भी बड़ी संख्या में लोग हैं। उन्हें यात्रा के लिए बसों का घंटों इंतजार करना पड़ता है। सीतापुर की ओर से आने वालों को शाहजहांपुर और शाहजहांपुर की ओर से आने वालों को मैगलगंज या जेबीगंज का टिकट लेना पड़ता है। इससे भी निजात मिली है। सबसे बड़ा लाभ डग्गामार वाहनों से छुटकारा मिलने का है। अभी तीन राउंड में बस आ रही हैं। अंतिम बस सेवा शाम छह बजे है। इससे नौकरीपेशा लोगों को सहूलियत मिली है। उचौलिया से शाहजहांपुर का किराया 30 रुपये है। इधर, नागरिकों की बस सेवा को जेबी गंज तक चलाने की मांग है।