2014 में गायब हो गया था युवक, 2016 में पुलिस ने लगा दी थी एफआर
गांव लोहरीपुर में वर्ष 2014 में लापता 25 वर्षीय परछन की हत्या कर शव गायब करने के मामले में सीजेएम डॉ दीनानाथ के आदेश पर पुलिस ने पुन: विवेचना शुरू करते हुए कुएं की खुदाई कराई। घंटों जेसीबी मशीन से खुदाई के बाद भी कुछ भी बरामद नहीं हो सका। उधर सीओ धौरहरा हरेराम वर्मा का कहना है कि मामले में पुन: विवेचना शुरू की गई है। सभी पहलुओं पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि कोतवाली क्षेत्र के गांव लोहरीपुर निवासी 25 वर्षीय परछन वर्ष 2014 में लापता हो गया था। परछन के बड़े भाई रामप्रसाद लखनऊ में रहते हैं। उन्होंने कई महीने बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपने पिता पर भाई की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट नहीं दर्ज की तो उन्होंने कोर्ट की शरण ली, जिस पर वर्ष 2015 में कोतवाली पुलिस ने हत्या कर शव गायब करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन कोई तथ्य न मिलने पर जनवरी 2016 में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। इसकी पुष्टि करते हुए सीओ धौरहरा हरेराम वर्मा ने बताया कि अब सीजेएम कोर्ट ने वादी के अनुरोध पर फाइनल रिपोर्ट की पुन: विवेचना के साथ कुएं की खुदाई कर शव तलाशने का आदेश दिया। कुएं की खुदाई कर शव निकालने के लिए डीएम से परमीशन ली गई। डीएम के आदेश पर एसडीएम धौरहरा की ओर से नियुक्त नायब तहसीलदार अभिमन्यु कुमार की मौजूदगी में कुएं की जेसीबी से 15-20 फुट तक खुदाई कराई गई, लेकिन कुछ भी बरामदगी नहीं हुई है। सीओ का कहना है कि मामले से जुड़े सभी लोगों के बयान पुन: दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद ही जांच आगे बढ़ेगी।