सीडीओ ने किया गांवों का निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी जिले में जापानी एन्सेफलाइटिस (जेई), एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) , स्क्रब टायफस जैसी घातक बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। मुख्य कारण गंदगी को बताया जा रहा है। इस पर डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने सदर ब्लॉक के गांव चंदपुरा, मुड़ियाखेड़ा, रामापुर में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो सफाईकर्मी नहीं मिले। इस पर दोनों को निलंबित कर दिया गया।
बृहस्पतिवार सुबह सीडीओ अनिल कुमार सिंह, विधायक योगेश वर्मा और डीपीआरओ सौम्यशील सिंह सदर ब्लॉक के चंदपुरा, मुड़ियाखेड़ा, रामापुर में साफ सफाई का जायजा लेने पहुंचे तो रामापुर ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी सीमा वर्मा व सुमन वर्मा अनुपस्थित मिलीं। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। मामले में डीपीआरओ ने दोनों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किया।
उधर, ग्राम पंचायत मुड़िया खेड़ा में सड़क पर घूरा, गोबर डालने वाले पर सदर विधायक ने नाराजगी जताई। रामापुर में हाईवे पर अतिक्रमण कर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों को अफसरों ने तत्काल दुकान हटाने के निर्देश दिये। डीओ ने एडीपीआरओ को सफाई व्यवस्था की लगातार मॉनीटरिंग के निर्देश दिये।
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने चंदपुरा व मुड़िया खेड़ा में हर घर जल मिशन द्वारा क्षतिग्रस्त की गई सड़कों की मरम्मत न होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत दो अक्तूबर तक औचक निरीक्षण होगा। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई होगी।