लखीमपुर खीरी। स्वरोजगार योजना के तहत कामगारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले के 15 लोगों को दोना पत्तल बनाने के लिए मशीन दी गई। इसका वितरण शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में हुआ।
जिला पंचायत सभागार में हुए कार्यक्रम में सदर विधायक योगेश वर्मा एवं डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने चयनित 15 लाभार्थियों को हस्तचलित दोना पत्तल बनाने के लिए नि:शुल्क मशीनें दी। विधायक ने कहा कि कामगारों को रोजगार देने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए योगी सरकार निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से कामगारों को रोजगार दिए जाने का क्रम जारी रहेगा। डीएम ने कहा कि दोना पत्तल निर्माण का हुनर रखने वालों को आर्थिक रूप से उद्यमशील बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसका लाभ न केवल जिले को मिलेगा बल्कि कामगार आत्मनिर्भर बनकर अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का निर्माण कर सकेंगे। सदर विधायक, डीएम एवं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी एके श्रीवास्तव ने अनिल कुमार झा, अनुराग सिंह भूरे, सनी, जीशान महलूद, रामप्रताप, ज्ञानेंद्र प्रताप, सायरा बानो, संजय कुमार, राजकुमार, अमरपाल, दीपक कुमार, ज्ञानेंद्र चौधरी, संतोष कुमार, मोहम्मद असलम को मशीन देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।