मैगलगंज। औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर चपरतला मोड़ के पास मंगलवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। दो दिन पूर्व पलटे कोयला लदे ट्रक से दूसरे ट्रक में कोयला लोड किया जा रहा था। इसी दौरान औरंगाबाद से बरवर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां काम कर रहे मजदूरों से टकरा गई।
हादसे में कोयला लोड कर रहे मजदूर संदीप (30) पुत्र तालेभर किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल हरिओम पुत्र नत्थू को सीएचसी मितौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा दो से तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी मितौली भेजा गया है। बताया जाता है कि कोयला लोड करने के लिए रहजनिया गांव से 14 मजदूर गए थे। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक हाईवे पर जाम लगा रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
क्षतिग्रस्त कार : संवाद